हीरा और पन्ना मतलब... कैप्टन हेमराज के बेटे अोम प्रकाश की मौत.
ये तुक कुछ अजीब सा लगता है ना, पर मेरे जेहन पर इसी तरह छपा हुआ है. शायद बाल मन पर पड़ी छाप नहीं मिटती.
गर्मियों की छुटि्टयों का हमेशा इंतज़ार रहता था, लंबे समय के लिए घर जो जाने को मिलता था. ऐसे लग रहा था मानों अपनी दुनियां में बरसों बाद लौटे हों. उस दुनिया में डर और दहशत भी थी, पर अपनी थी ना, तो सुकून भी वहीं था. बड़ी दादी ने राजमां की दाल बनाई थी, रात का खाना अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि अचानक बिजली चली गई. हम टीवी पर छपी तस्वीर देखकर एक-दो-तीन गिनने लगे. अचानक गिनती टूट गई... टल...टल की आवाज मानों दिल पर लग गई... मेरी और छोटी बहन की थाली में अभी खाना बचा था, हाथ भी नहीं धोये थे. आतंकवादी हमारी छतों से छलांग लगा रहे थे, बारूद की बदबू घर के घर घुस गई थी. बेड उठाकर दरवाजों से चिपका दिए गए और हमें जमीं पर लेटा दिया गया. वो रात बहुत लंबी थी. रात भर फायरिंग होती रही. आतंकियों ने हमारे पुराने स्कूल में बनी आर्मी पोस्ट को निशाना बनाया था. अगले दिन सुबह आर्मी वालों ने पूरे गांव वालों को तलब किया. स्कूल के ग्राउंड में तीन गड्डे बनाए गए थे. खास तौर पर मुसि्लम युवकों को उसमें उल्टा लटकाकर बहुत पीटा गया. उसमें हमारे यूसुफ मास्टर जी भी थे. यूसुफ मास्टर जी स्कूल में चपरासी का काम करते थे. बहुत शरीफ और कम बोलने वाले, गांव की तहज़ीब बहुत बड़ी होती है, हम स्कूल में काम करने वाले हर शख्स को हम मास्टर जी ही बोलते थे. मास्टर जी को बहुत पीटा गया, आतंकियों से सांठगांठ की बात कबूलने के लिए बहुत टॉर्चर किया गया, घायल हालत में मास्टर जी ने कहा, 'हां मैं आतंकियों की मदद करता हूं' फिर क्या था आर्मी वालों ने सारा दम उनपर लगा दिया, पानी की टंकी में डुबो-डुबो कर इतना पीटा कि उन्होंने दम तोड़ दिया. अभी भी सुनहरी दाढ़ी वाले यूसुफ मास्टर जी का चेहरा आंखों के सामने घूमता है...
हमारे गांव छोड़ने से पहले की बात है... शनिवार और शुक्रवार को डीडी 1 पर फिल्म दिखाई जाती थी. शुक्रवार की शाम हीरा और पन्ना फिल्म देख रहे थे... फिल्म खत्म होने को थी कि वो डरावरी सी गुप-चुप शुरू हो गई. जब भी कुछ भयानक होता था तो बड़े इसी तरह डरे हुए चेहरों के साथ धीरे-धीरे कुछ बात करते थे... मासी के गांव से कैप्टन हेमराज के बेटे ओम प्रकाश को आतंकवादी धोखे से अपने साथ ले गए थे. आतंकवादी अकसर फौजियो और उनके परिवार को निशाना बनाते थे. ओम प्रकाश का कोई पता नहीं चल रहा था, एक दिन मासी के घर गई थी. तभी एक बहुत कमजोर औरत घर में प्रसाद देने आईं, मासी ने कहा, 'ये कैप्टन ममजी(मामाजी) की बहू है, 20 दिन से व्रत पर है, सूख कर कांटा हो गई है, ओम प्रकाश भई जी का अभी तक कोई पता नहीं'. उन आंटी की तस्वीर अभी तक आंखों में घूमती है. ऐसा लग रहा था मानों किसी लकड़ी के डंडे पर कपड़ा टांग रखा हो. हां वैसी ही लग रहीं थी वो. कुछ दिन बाद ही नीरू में ओम प्रकाश की लाश मिली, पानी में लाश पूरी तरह सड़ गई थी. हाथ पर लिखे ओम से लाश की शिनाख्त हुई. कहते हैं, जैसे ही हाथ बढ़ाया लाश पानी में बिखर गई थी...
दो बेकसूरों की ऐसी मौत को कभी नहीं भूल सकती, कोई चाहे किसी भी पक्ष का हो, चाहे कुछ भी कहे पर मेरे लिए वही पक्ष मायने रखता है जो मैंने देखा है,,,