रोहतक में थे, परवेज़ जी का मिस कॉल आया. ये संकेत था कि उन्होंने बच्चों को देखा है. वैसे भी हम दिल्ली के लिए निकलने ही वाले थे. तय हुआ कि पहले बच्चों के पास ही जाएंगे। 4 घंटे में हम वहाँ पहुंचे। परवेज़ जी नमाज़ पढ़ने गये हुए थे. फ़ोन करने पर उन्होंने बताया कि वो लोग सुबह से वहीं पर हैं. सड़क के उस पार सुधा की माँ अपने बच्चे के साथ बैठी थी. तय हुआ कि रघु फिलहाल वहीँ रुकेगा, मैं और भानू बात करने जाएंगे। सुधा कि माँ ने जैसे ही हमें देखा उसने छुपने कि कोशिश की. वो हम से डर गई. लगा था कि हमारी पिछली मुलाक़ात के बाद वो हमपे भरोसा करने लगी होंगी। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था, वो हमसे बात नहीं करना चाहती थी. बड़ी मुश्किल से उसने चंद बातें बताईं। उसके पति ने हमसे बात करने को मना किया, वो बिल्कुल नहीं चाहती कि उसका पति किसी मुसीबत में फ़ंसे, वो लोग छत्तीसगढ़ से आए हैं, और उनका सम्बन्ध नट जाती से है। इतने दिनों कि खोज के बाद उनका मिलना, मैं चाह रही कि इस बार वो अपने घर का पता हमें बता दे। मेरे सवालों से वो परेशान हो रही थी. भानू और रघु ने मुझे रोका और धैर्य रखने कि हिदायत दी. हम वहाँ से निकले। सफलता तो नहीं मिली पर नाकामी भी नहीं। वो नट जाति के लोग हैं यानि विमुक्त जनजाति(denotified tribes). ये लोग एक कबीले में रहते हैं और तथाकथित उच्च और भद्र समाज से दूरी बनाकर रखते हैं. इनको नज़दीक से जानने में बहुत वक़्त लगेगा। लम्बा संघर्ष है...
शनिवार, 23 नवंबर 2013
मंगलवार, 19 नवंबर 2013
एक सवाल खुद से...
काफ़ी समय से मैं नास्तिक हूँ। ये सच है या नहीं संशय है। कुछ अच्छा सा नहीं लग रहा, कुछ कमी सी खलती है। खुद से जुड़ ही नहीं पा रही, एहसास हुआ कि भगवान ज़रूरी हैं। भगवान के बिना मेरा गुज़ारा नहीं। लगा मुझे फिर से आस्तिक हो जाना चाहिए। अब तक कि ज़िन्दगी का ज़्यादातर वक़्त आस्तिक की तरह बिताया है। ज़ाहिर तौर पर उसका प्रभाव है. लेकिन नास्तिकता का सम्बन्ध वर्त्तमान से है. इसकी छाप भी कम नहीं है। मैं खुद से संपर्क नहीं साध पा रही, जैसे कोई लिंक टूट गया हो. हाँ मुझे आस्तिक हो जाना चाहिए। मेरा खुद का अनुभव यही सुझा रहा है। नहीं मैं सिर्फ एक अनुभव को मानकर निष्कर्ष नहीं निकाल सकती। कई ऐसे लोगों को जानती हूँ जो नास्तिक हैं, तर्कशील हैं, मज़बूत हैं, खुद पर विश्वास रखते हैं, आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। मुझे भगवान कि आदत है. इसलिए कमी खलती है। भगवान मेरी कमज़ोरी तो नहीं ? जिसकी अनुभूति मेरे आत्मविश्वास को नियंत्रित करती है। मुझे खुद को मज़बूत बनाना चाहिए। मुझे नास्तिक ही रहना चाहिए। मन और तर्क में भेद है। फिलहाल न मैं आस्तिक हूँ न ही नास्तिक। भीतर द्वंध चल रहा है। भगवान को पुकारूँ या खुद को ?
सदस्यता लें
संदेश (Atom)