मंगलवार, 19 नवंबर 2013

एक सवाल खुद से...

काफ़ी समय से मैं नास्तिक हूँ।  ये सच है या नहीं संशय है।  कुछ अच्छा सा नहीं लग रहा, कुछ कमी सी खलती है।  खुद से जुड़ ही नहीं पा रही, एहसास हुआ कि भगवान ज़रूरी हैं। भगवान के बिना मेरा गुज़ारा नहीं। लगा मुझे फिर से आस्तिक हो जाना चाहिए। अब तक कि ज़िन्दगी का ज़्यादातर वक़्त आस्तिक की तरह बिताया है।  ज़ाहिर तौर पर उसका प्रभाव है. लेकिन नास्तिकता का सम्बन्ध वर्त्तमान से है. इसकी छाप भी कम नहीं है।  मैं खुद से संपर्क नहीं साध पा रही, जैसे कोई लिंक टूट गया हो. हाँ मुझे आस्तिक हो जाना चाहिए। मेरा खुद का अनुभव यही सुझा रहा है।  नहीं मैं सिर्फ एक अनुभव को मानकर निष्कर्ष नहीं निकाल सकती। कई ऐसे लोगों को जानती हूँ जो नास्तिक हैं, तर्कशील हैं, मज़बूत हैं, खुद पर विश्वास रखते हैं,  आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। मुझे भगवान कि आदत है. इसलिए कमी खलती है। भगवान मेरी कमज़ोरी तो नहीं ? जिसकी अनुभूति मेरे आत्मविश्वास को नियंत्रित करती है।  मुझे खुद को मज़बूत बनाना चाहिए।  मुझे नास्तिक ही रहना चाहिए।  मन और तर्क में भेद है।  फिलहाल न मैं आस्तिक हूँ न ही नास्तिक।  भीतर द्वंध चल रहा है।  भगवान को पुकारूँ या खुद को ?

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें