शनिवार, 11 जुलाई 2015

मैंने देखा है...

गर्मियों की छुटि्टयां मतलब... यूसुफ मास्टर जी की मौत .
हीरा और पन्ना मतलब... कैप्टन हेमराज के बेटे अोम प्रकाश की मौत.

ये तुक कुछ अजीब सा लगता है ना, पर मेरे जेहन पर इसी तरह छपा हुआ है. शायद बाल मन पर पड़ी छाप नहीं मिटती.
गर्मियों की छुटि्टयों का हमेशा इंतज़ार रहता था, लंबे समय के लिए घर जो जाने को मिलता था. ऐसे लग रहा था मानों अपनी दुनियां में बरसों बाद लौटे हों. उस दुनिया में डर और दहशत भी थी, पर अपनी थी ना, तो सुकून भी वहीं था. बड़ी दादी ने राजमां की दाल बनाई थी, रात का खाना अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि अचानक बिजली चली गई. हम टीवी पर छपी तस्वीर देखकर एक-दो-तीन गिनने लगे. अचानक गिनती टूट गई... टल...टल की आवाज मानों दिल पर लग गई... मेरी और छोटी बहन की थाली में अभी खाना बचा था, हाथ भी नहीं धोये थे. आतंकवादी हमारी छतों से छलांग लगा रहे थे, बारूद की बदबू घर के घर घुस गई थी. बेड उठाकर दरवाजों से चिपका दिए गए और हमें जमीं पर लेटा दिया गया. वो रात बहुत लंबी थी. रात भर फायरिंग होती रही. आतंकियों ने हमारे पुराने स्कूल में बनी आर्मी पोस्ट को निशाना बनाया था. अगले दिन सुबह आर्मी वालों ने पूरे गांव वालों को तलब किया. स्कूल के ग्राउंड में तीन गड्डे बनाए गए थे. खास तौर पर मुसि्लम युवकों को उसमें उल्टा लटकाकर बहुत पीटा गया. उसमें हमारे यूसुफ मास्टर जी भी थे. यूसुफ मास्टर जी स्कूल में चपरासी का काम करते थे. बहुत शरीफ और कम बोलने वाले, गांव की तहज़ीब बहुत बड़ी होती है, हम स्कूल में काम करने वाले हर शख्स को हम मास्टर जी ही बोलते थे. मास्टर जी को बहुत पीटा गया, आतंकियों से सांठगांठ की बात कबूलने के लिए बहुत टॉर्चर किया गया, घायल हालत में मास्टर जी ने कहा, 'हां मैं आतंकियों की मदद करता हूं' फिर क्या था आर्मी वालों ने सारा दम उनपर लगा दिया, पानी की टंकी में डुबो-डुबो कर इतना पीटा कि उन्होंने दम तोड़ दिया. अभी भी सुनहरी दाढ़ी वाले यूसुफ मास्टर जी का चेहरा आंखों के सामने घूमता है...
Image result for terrorism abstract painting
हमारे गांव छोड़ने से पहले की बात है... शनिवार और शुक्रवार को डीडी 1 पर फिल्म दिखाई जाती थी. शुक्रवार की शाम हीरा और पन्ना फिल्म देख रहे थे... फिल्म खत्म होने को थी कि वो डरावरी सी गुप-चुप शुरू हो गई. जब भी कुछ भयानक होता था तो बड़े इसी तरह डरे हुए चेहरों के साथ धीरे-धीरे कुछ बात करते थे... मासी के गांव से कैप्टन हेमराज के बेटे ओम प्रकाश को आतंकवादी धोखे से अपने साथ ले गए थे. आतंकवादी अकसर फौजियो और उनके परिवार को निशाना बनाते थे. ओम प्रकाश का कोई पता नहीं चल रहा था, एक दिन मासी के घर गई थी. तभी एक बहुत कमजोर औरत घर में प्रसाद देने आईं, मासी ने कहा, 'ये कैप्टन ममजी(मामाजी) की बहू है, 20 दिन से व्रत पर है, सूख कर कांटा हो गई है, ओम प्रकाश भई जी का अभी तक कोई पता नहीं'. उन आंटी की तस्वीर अभी तक आंखों में घूमती है. ऐसा लग रहा था मानों किसी लकड़ी के डंडे पर कपड़ा टांग रखा हो. हां वैसी ही लग रहीं थी वो. कुछ दिन बाद ही नीरू में ओम प्रकाश की लाश मिली, पानी में लाश पूरी तरह सड़ गई थी. हाथ पर लिखे ओम से लाश की शिनाख्त हुई. कहते हैं, जैसे ही हाथ बढ़ाया लाश पानी में बिखर गई थी...
दो बेकसूरों की ऐसी मौत को कभी नहीं भूल सकती, कोई चाहे किसी भी पक्ष का हो, चाहे कुछ भी कहे पर मेरे लिए वही पक्ष मायने रखता है जो मैंने देखा है,,,

शनिवार, 23 नवंबर 2013

22-11-2013

रोहतक में थे, परवेज़ जी का मिस कॉल आया. ये संकेत था कि उन्होंने बच्चों को देखा है. वैसे भी हम दिल्ली के लिए निकलने ही वाले थे. तय हुआ कि पहले बच्चों के पास ही जाएंगे।  4 घंटे में हम वहाँ पहुंचे। परवेज़ जी नमाज़ पढ़ने गये हुए थे. फ़ोन करने पर उन्होंने बताया कि वो लोग सुबह से वहीं पर हैं. सड़क के उस पार सुधा की माँ अपने बच्चे के साथ बैठी थी. तय हुआ कि रघु फिलहाल वहीँ रुकेगा, मैं और भानू बात करने जाएंगे। सुधा कि माँ ने जैसे ही हमें देखा उसने छुपने कि कोशिश की. वो हम से डर गई. लगा था कि हमारी पिछली मुलाक़ात के बाद वो हमपे भरोसा करने लगी होंगी। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था, वो हमसे बात नहीं करना चाहती थी. बड़ी मुश्किल से उसने चंद बातें बताईं। उसके पति ने हमसे बात करने को मना किया, वो बिल्कुल नहीं चाहती कि उसका पति किसी मुसीबत में फ़ंसे, वो लोग छत्तीसगढ़ से आए हैं, और उनका सम्बन्ध नट जाती से है। इतने दिनों कि खोज के बाद उनका मिलना, मैं चाह रही कि इस बार वो अपने घर का पता हमें बता दे।  मेरे सवालों से वो परेशान हो रही थी. भानू और रघु ने मुझे रोका और धैर्य रखने कि हिदायत दी. हम वहाँ से निकले। सफलता तो नहीं मिली पर नाकामी भी नहीं।  वो नट जाति के लोग हैं यानि विमुक्त जनजाति(denotified tribes). ये लोग एक कबीले में रहते हैं और तथाकथित उच्च और भद्र समाज से दूरी बनाकर रखते हैं. इनको नज़दीक से जानने में बहुत वक़्त लगेगा। लम्बा संघर्ष है... 

मंगलवार, 19 नवंबर 2013

एक सवाल खुद से...

काफ़ी समय से मैं नास्तिक हूँ।  ये सच है या नहीं संशय है।  कुछ अच्छा सा नहीं लग रहा, कुछ कमी सी खलती है।  खुद से जुड़ ही नहीं पा रही, एहसास हुआ कि भगवान ज़रूरी हैं। भगवान के बिना मेरा गुज़ारा नहीं। लगा मुझे फिर से आस्तिक हो जाना चाहिए। अब तक कि ज़िन्दगी का ज़्यादातर वक़्त आस्तिक की तरह बिताया है।  ज़ाहिर तौर पर उसका प्रभाव है. लेकिन नास्तिकता का सम्बन्ध वर्त्तमान से है. इसकी छाप भी कम नहीं है।  मैं खुद से संपर्क नहीं साध पा रही, जैसे कोई लिंक टूट गया हो. हाँ मुझे आस्तिक हो जाना चाहिए। मेरा खुद का अनुभव यही सुझा रहा है।  नहीं मैं सिर्फ एक अनुभव को मानकर निष्कर्ष नहीं निकाल सकती। कई ऐसे लोगों को जानती हूँ जो नास्तिक हैं, तर्कशील हैं, मज़बूत हैं, खुद पर विश्वास रखते हैं,  आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। मुझे भगवान कि आदत है. इसलिए कमी खलती है। भगवान मेरी कमज़ोरी तो नहीं ? जिसकी अनुभूति मेरे आत्मविश्वास को नियंत्रित करती है।  मुझे खुद को मज़बूत बनाना चाहिए।  मुझे नास्तिक ही रहना चाहिए।  मन और तर्क में भेद है।  फिलहाल न मैं आस्तिक हूँ न ही नास्तिक।  भीतर द्वंध चल रहा है।  भगवान को पुकारूँ या खुद को ?

शनिवार, 29 दिसंबर 2012

"जी खराब होता है..."

मुंह पर मास्क पहने वे dustbin साफ़ कर रहीं थीं.. उनकी सहमी हुई सी गुफ्तगू ने.. अनायास ही मेरे कदम रोक दिए... आधी झुकी हुई पलकें... मानो वो किसी विपदा को नज़र अंदाज़ कर खुद को दिलासा दे रही हो... त्रिवेणी सी आँखों की पुतली स्थिर और बड़ी हो गई थी... उसका चेहरा चाह कर भी उस दर्द को छुपा नहीं पा रहा था.. जिसे झेला तो किसी ओर ने था... पर वो दर्द उसका बहुत अपना सा था... "उन सब को लोगों को हवाले कर देना चाहिए", dustbin को घिसती हुए उसने अपनी सहकर्मी को कहा.. जवाब मिला, "अगर लोगों को दे दिया तो वो उन्हें जिंदा नहीं छोड़ेंगे, खून खराबा हो जाएगा... फिर वो बेमनी सी आवाज़ में धीमे से बोली, ''अच्छा...", थोड़ा रूककर वे फिर से बोली, "टी वी पर बार बार देखकर जी खराब होता है..." इतने में पीछे से उनके एक पुरुष सहकर्मी ने आवाज़ लगाई... और वे किसी और मसले में उलझ गईं....
ac

सोमवार, 30 अप्रैल 2012

जीत का पहला अनुभव...

"ऐ लड़की इधर आ.. दिखा तो क्या लिखा है?" शारदा मैम के वो शब्द तीर से चुभ रहे थे. और मेरा मुंह डर के  मारे गर्म हुआ जा रहा था. क्योंकि मैंने कॉपी में पेंसिल को इधर उधर मारने के बजाए कुछ नहीं किया था. मुझे न तो सवाल समझ में आ रहा था ना ही जवाब. कॉपी पे आंखे गडाए डेस्क पे बैठी थी. तभी मैम की आवाज़ आई, '' ये नई लड़की... इसको बुला रही हूँ ..." मेरे तो हाथ पांव फूल गए, गालों का तापमान बाद गया... मानों कयामत सर पे बरसने को हो. में धीरे से ऊपर उठी और  खुली हुई कॉपी को दोनों बाजुओं से घेरकर सेने से चिपकाकर फर्श की तरफ देखते हुए,  क्लासरूम की खिड़की के साथ लगे last डेस्क के ऊपरबैठी शारदा मैम की ओर बड़ने लगी. हाथ में पेंसिल को कास इ के पकडे हुए आगे बड़े जा रही और मन क़दमों को पीछे की ओर धकेल रहा था. ऐसा लग रहा था की ज़मीं फट जाए और होने वाली बेज्ज़ती झेलने से पहले मैं उसमें  समा जाऊं. चार क़दमों के उस फासले में जाने क्या क्या मन्नत मांग ली थी मैंने.  मैम ने  कड़ी नज़र से मेरी ओर देखा और कॉपी को jhatke से अपने हाथ में ले लिया. मैम कॉपी को देख रही थी. मैंने बहुत हिम्मत करके गर्दन को हल्का सा ऊपर किया. मैम से नज़र मिली.. उन आखों का गुस्सा अभी नज़रों के सामने आ गया. मैम ने डांटती हुई आवाज़ में कहा, "येही सीख के आई हो और बिजली की तेज़ी से मेरे गाल पे तमाचा जड़ दिया. उस तमाचे की आवाज़ की आवाज़ आह!!! चटाककक्क .....!!! मेरी आँखों में पानी भर आया, पर मैंने जोर लगाके उस पानी को पलक से निचे न उतरने दिया... अन्दर ही अन्दर उसे... बहुत ज़्यादा बेईज्ज़ती महसूस हो रही थी... ये पहली बार था जो मुझे क्लास मैं थप्पड़ पड़ा. अपने गाँव के स्कूल में मैं सबकी चेहती थी. अपना सारा होमेवोर्क अच्छे से करती थी एग्जाम में टॉप करती थी. तो सभी टीचर्स भी बहुत प्यार करते थे मुझसे... पर गाँव की पढ़ाई और शहर की पढ़ाई मैं ज़मीं आसमान का अंतर था. नर्सरी, केजी तो हमने पड़ी नहीं थी अंग्रेजी के नाम पर एक कायदा और हिंदी मैं भूगोल, विज्ञान और गणित की छोटी मोटी गणनाएँ... बच्चों को शहर के स्कूल में दाखिला दिलवाने से पहले मम्मी पापा को इस बात का अंदाज़ा था, के शहर के इंग्लिश मीडियम स्कूलों में समस्या आ सकती है.. इसलिए हमारे लिए हिंदी मीडियम स्कूल ढूंडा गया. पर वहां भी छठी के बाद अंगेजी में ही पढ़ाई होती थी. पांचवीं क्लास के गणित के वो मुश्किल सवाल मुझे समझ ही नहीं आ रहे थे. खैर! ये बात मैंने घर में किसी को नहीं बताई...और जी जान से मेहनत करना शुरू की...
सर्दिओं का एक दिन था... इन दिनों स्कूल की छत पर धुप में पढ़ाई करने में बड़ा मज़ा आता था. शारदा मैम की ही  क्लास थी... हमेशा की तरह मैम ने बच्चों को चौंकते हुए surprise टेस्ट की घोषणा की. हम सभी पंक्तिबद्ध टाट पर बैठे हुए थे. मैम की बात सुनते ही सबकी गर्दन मुरझाए फूल की भांति झुक गयी. टेस्ट बहुत मुश्किल था. और था भी ओपन टेस्ट. आज तो बुरे फंसे.  सबको कॉपी किताब बंद करने का आदेश दिया गया. मैम ने सबसे पहले क्लास के दो होनहार स्टूडेंट्स को बुलाया और चाक थमाते हुए बोर्ड पर लिखा सवाल हल करने को कहा. दोनों वो सवाल हल नहीं कर पाए. मैम ने दोनों को डांट फटकार लगाई और अपनी गंभीर दृष्टि पूरी क्लास पर दोड़ाई... अर्पना... तुम उठो... मैं डरी डरी सी अपनी जगह उठी... बोर्ड के पास खड़ी हुई और मैम की तरफ निगाह की... मैम ने इशारों मैं मुझे चाक उठाने को कहा.. मैंने जल्दी से चाक  उठाया और एक सांस मैं सवाल हल हर दिया. ये देख शारदा मैम ने न सिर्फ मुझे शाबाशी दी बल्कि पूरी क्लास से मेरे लिए तालियाँ बजवाई... छत पर और भी क्लासें लगी हुई थी. सभी ने ये पूरा दृश्य देखा... शरद मैम कह रही थी की कुछ ही महीनों मैं इस लड़की ने तुम सबको पीछे छोड़ दिया. वगैरह वगैरह...आज पहली बार मैंने शारदा मैम की कठोर  आँखों मैं अपने लिए स्नेह देखा. ये जीत का मेरा पहला अनुभव था... बहुत अनोखा था वो पल... मैं लजाई सी ख़ामोशी से सब देख सुन रही थी पर मन में कुछ हरकत हो रही थी... मेरी मेहनत रंग लाई थी. आह! कितना संतोष भरा पल था वो...

गुरुवार, 3 नवंबर 2011

एक घटना जिसने मुझे बदल दिया...

मुझे तो याद नहीं है पर मम्मी कहते हैं कि अपनी आयु के 9वें 10वें महीनों  तक मैं एक शांत और प्यारी बच्ची थी पर जैसे जैसे मुजमें चेतना का विकास हो रहा था मैं जिद्दी और अड़ियल होती जा रही थी. इसपर मम्मी पापा से खूब मार पड़ती. पर मेरा स्वाभाव सुधरने के बजाए बागी किसम का होता जा रहा था. मैं अक्सर गुस्सा आने पे बैड के नीचे घुस जाती थी. फिर बड़ी मिन्नतें करके मुझे वहां से निकला जाता. ठीक से चलने फिरने लगी तो अपने खिलौनों की पोटली लेकर गाँव के चक्कर पर निकल पड़ती. पर एक दिन एक ऐसी घटना घटी जिसने न सिर्फ मुझे ही बदल दिया, परिवार का मेरे लिए व्यवहार भी बदल के रख दिया. मैं कोई दो-ढाई  वर्षों की रही होंगी की हमारे घर के पूर्वी छोर पर स्थित  रेत वाले कमरे (उसमे अक्सर रेत ही राखी जाती थी इसलिए हम उसे रेत वाला कमरा कहते थे) का पुनर्निर्माण किया जा रहा था. मम्मी और बुआ इस निर्माण को लेकर बहुत उत्साहित थे. उसकी छत मजबूत बनाने के लिए खूब सारी मिटटी डाली गई और मम्मी और बूजी ने अपने हाथों से मिटटी को समतल किया. लगभग सारा काम पूरा हो चुका था के एक दोपहर कुछ ऐसा हुआ जिसकी कभी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. छत पर मिटटी की अधिकता होने के कारण नया कमरा डह गया. सौभाग्य से उस समय उस तरफ कोई भी नहीं गया था. मम्मी और बूजी लकड़ी के लिए जंगल गए थे. डैडी ऑफिस से लौटकर किचन में चाय पे रहे थे. छोटी दादी और चुटकी भी वही थे. दादा जी अपने कमरे में थे, बड़ी दादी ड्योडी पर बैठी थी. अश्शु  भैय्या बाग़ में अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था और अन्नू दीदी अपनी सहेली के यहाँ पढ़ाई  कर रही थी. हादसा होने पे सभी को इक्कठा किया गया. सभी मिल गए पर मेरा कहीं पता ना था. एक मुर्गी भी गायब थी पर वो भी कु कु करती जल्दी ही नज़र आ गई. सभी लोग मेरे लिए परेशान हो रहे थे और मुझे ढूंड रहे थे पर मैं न मिली. डैडी सर पकड़कर मलबे के साथ बनी लकड़ी की सीढ़ी पर बैठ गए. उन्हें लगा के में मलबे के नीचे दब गई. मेरी यादों में डैडी की रोनी सूरत और अपने खिलौनों का लोहें का डिब्बा (जिसपे गीता उपदेश देते हुए रथ पे खड़े श्री कृष्ण और हाथ जोड़े बैठे अर्जुन का चित्र बना हुआ था) अभी भी है,  साथ में  मलबे के कुछ हल्के से दृश्य भी याद हैं. मजदूर और पड़ोस के मामा मलबा हटाने में जुटे थे. सभी परेशान थे तभी अचानक से मैं जाने कहाँ से आके सीढ़ी पर बैठे डैडी के पास खड़ी होके पूछने लगी,"डैडी आप ऐसे क्यों बैठे हो?" उन्होंने झटके से सर उठाया और मुझे गोद में उठाके सीने से लगा लिया. उनकी  आँखों से आंसू बह रहे थे. मेरे आते ही सभी घरवाले मुझे उठाकर प्यार करने लगे और सभी रो रहे थे, वो ख़ुशी के आंसू थे. उन आंसुओं ने मेरे  अड़ियलपन और जिद्द को भी धो लिया था. मैंने उस व्यवहार को काफी हद तक त्याग दिया. उस दिन के बाद पापा ने कभी भी मुज पर हाथ नहीं उठाया. तब का तो मुझे खास याद नहीं पर शायद चुटकी के आने से मुझे लगने लगा होगा के कोई मुझे प्यार नहीं करता और मेरी किसी को ज़रूरत नहीं इसलिए कोई मुझे नहीं समझता. इसलिए मैं कहीं एकांत में जा के अकेले खेलती रहती थी. पर घरवालों का अपने लिए प्यार का सैलाब देख कर मुझे एहसास हुआ होगा की सभी मुझसे बहुत प्यार करते हैं और मेरा होना सबके लिए बहुत अहम है. फिर क्या था जिस कुभ्रम के कारण मेरा विपरीत स्वाभाव उपजा था वो तो खत्म हो गया और साथ में मेरा बुरा व्यवहार भी. मैंने चुटकी को भी अपना लिया और अभी तक उसी के साथ खेलती हूँ...

बुधवार, 2 नवंबर 2011

पहले पहल गोली से मुलाक़ात

अभी भी अच्छे से याद है मुझे; जब मैंने पहली बार गोली की आवाज़ सुनी थी. मैं तीसरी क्लास में पढ़ती थी. महीना ठीक से पता नहीं कौन सा था पर उन  दिनों मौसम सुहाना था और हम स्वेअटर भी नहीं पहनते थे. शायद मई या जून रहा होगा. ऐतवार का दिन था, स्कूल की छुट्टी, मतलब सुबह जल्दी उठने के झंझट से छुटकारा. सुबह के 9 बज चुके थे, जैसे तैसे बिस्तर से उठकर मैं बाथरूम की तरफ चल दी. हमारा बाथरूम बाग़ के एक कौने पर खड़ा मिट्टी की इंटों, पत्थरों और लकड़ी की छत का 6 फुट का एक ढांचा था. मिट्टी की छत के किनारों से बाहर निकलते चीड़ के सूखे पत्तों के झुरमुट मानो उस आकृति के बाल हों. वे पेड़ पौधों के बगल में सीना ताने खड़ा कितना भव्य लगता था. बाथरूम की ओर जाते हुए मशीन(मिल) की आवाज़ सुनाई दे रही थी. उस दिन नंदू मामा छुट्टी पर थे और ऐतवार होने के कारण काफी सारे लोगों का अनाज पिसवाने के लिए आया हुआ था. इसलिए मम्मी सुबह से ही मशीन का काम देख रहे थे. हालाँकि मैंने  भी बिस्तर त्याग दिया था पर नींद अभी गई नहीं थी. मैं जसे नींद में ही चली जा रही थी उसपर मशीन का हल्का हल्का शौर मुझे लौरी सा प्रतीत हो रहा था. बाथरूम में पानी मुंह पर छिड़का पर नींद अभी भी बाकी थी. बाहर निकलने वाली ही थी कि टल....टल... तेज़ ध्वनि से मैं सिहर गई. अचानक से ये अनसुनी सी आवाज़ सुन के नींद जाने कब फाख्ता हो गई. मैं बहुत अकेला और डरा हुआ महसूस कर रही थी. कोई और चारा ना सूझते हुए मैंने हिम्मत करके हल्का सा दरवाज़ा खोलके, अपना चेहरा दरवाज़े के बीच फसाकर बाहर देखने लगी. दरवाज़े कि आधी ऊंचाई तक ही मेरा सर पहुँच रहा था. बाहर देखा तो लकड़ी के पोलों से बंधी बिजली कि तारें जोर जोर से हिल रहीं थी. 3 , 4  कुत्ते तेज़ी से खेतों  की ओर भाग रहे  थे. तभी मैंने डैडी को मशीन की तरफ भागते हुए देखा. मानों जान मैं जान आ गई. पहली बार एहसास हुआ कि डैडी का मेरी ज़िन्दगी में होना मेरा लिए वरदान है. उन्हें नहीं पता था कि मैं बाथरूम में थी, वो मम्मी को लेने आए थे. मशीन के दरवाज़े से बाहर निकलते हुए मम्मी-डैडी ने मुझे देख लिया और वे लैटते हुए मेरी ओर तेज़ी से आए. उन्होंने मुझे उठा लिया. उस पल मेरी आँखों से आंसू निकलने को हो रहे थे. ऐसा महसूस हो रहा था जैसे मम्मी-डैडी जाने कितने दिनों बाद मुझसे मिल रहे थे. गोलियां  मानों  हमारे सर के ऊपर से निकल रही थीं. फिर हम तीनों लैटते हुए बाग़ से घर तक पहुंचे. घर के अन्दर सभी घरवाले मौजूद थे. हमारे पहुँचते ही पीछे वाला दरवाज़ा भी बंद किया गया. सभी बेड्स से बिस्तर हटाकर उन्हें दरवाज़ों के साथ खड़ा किया गया और जब तक गोलाबारी चलती रही हम सब दुबक कर एक कौने मई बैठे रहे. बस इतना ही याद है मुझे...........