बुधवार, 2 नवंबर 2011

पहले पहल गोली से मुलाक़ात

अभी भी अच्छे से याद है मुझे; जब मैंने पहली बार गोली की आवाज़ सुनी थी. मैं तीसरी क्लास में पढ़ती थी. महीना ठीक से पता नहीं कौन सा था पर उन  दिनों मौसम सुहाना था और हम स्वेअटर भी नहीं पहनते थे. शायद मई या जून रहा होगा. ऐतवार का दिन था, स्कूल की छुट्टी, मतलब सुबह जल्दी उठने के झंझट से छुटकारा. सुबह के 9 बज चुके थे, जैसे तैसे बिस्तर से उठकर मैं बाथरूम की तरफ चल दी. हमारा बाथरूम बाग़ के एक कौने पर खड़ा मिट्टी की इंटों, पत्थरों और लकड़ी की छत का 6 फुट का एक ढांचा था. मिट्टी की छत के किनारों से बाहर निकलते चीड़ के सूखे पत्तों के झुरमुट मानो उस आकृति के बाल हों. वे पेड़ पौधों के बगल में सीना ताने खड़ा कितना भव्य लगता था. बाथरूम की ओर जाते हुए मशीन(मिल) की आवाज़ सुनाई दे रही थी. उस दिन नंदू मामा छुट्टी पर थे और ऐतवार होने के कारण काफी सारे लोगों का अनाज पिसवाने के लिए आया हुआ था. इसलिए मम्मी सुबह से ही मशीन का काम देख रहे थे. हालाँकि मैंने  भी बिस्तर त्याग दिया था पर नींद अभी गई नहीं थी. मैं जसे नींद में ही चली जा रही थी उसपर मशीन का हल्का हल्का शौर मुझे लौरी सा प्रतीत हो रहा था. बाथरूम में पानी मुंह पर छिड़का पर नींद अभी भी बाकी थी. बाहर निकलने वाली ही थी कि टल....टल... तेज़ ध्वनि से मैं सिहर गई. अचानक से ये अनसुनी सी आवाज़ सुन के नींद जाने कब फाख्ता हो गई. मैं बहुत अकेला और डरा हुआ महसूस कर रही थी. कोई और चारा ना सूझते हुए मैंने हिम्मत करके हल्का सा दरवाज़ा खोलके, अपना चेहरा दरवाज़े के बीच फसाकर बाहर देखने लगी. दरवाज़े कि आधी ऊंचाई तक ही मेरा सर पहुँच रहा था. बाहर देखा तो लकड़ी के पोलों से बंधी बिजली कि तारें जोर जोर से हिल रहीं थी. 3 , 4  कुत्ते तेज़ी से खेतों  की ओर भाग रहे  थे. तभी मैंने डैडी को मशीन की तरफ भागते हुए देखा. मानों जान मैं जान आ गई. पहली बार एहसास हुआ कि डैडी का मेरी ज़िन्दगी में होना मेरा लिए वरदान है. उन्हें नहीं पता था कि मैं बाथरूम में थी, वो मम्मी को लेने आए थे. मशीन के दरवाज़े से बाहर निकलते हुए मम्मी-डैडी ने मुझे देख लिया और वे लैटते हुए मेरी ओर तेज़ी से आए. उन्होंने मुझे उठा लिया. उस पल मेरी आँखों से आंसू निकलने को हो रहे थे. ऐसा महसूस हो रहा था जैसे मम्मी-डैडी जाने कितने दिनों बाद मुझसे मिल रहे थे. गोलियां  मानों  हमारे सर के ऊपर से निकल रही थीं. फिर हम तीनों लैटते हुए बाग़ से घर तक पहुंचे. घर के अन्दर सभी घरवाले मौजूद थे. हमारे पहुँचते ही पीछे वाला दरवाज़ा भी बंद किया गया. सभी बेड्स से बिस्तर हटाकर उन्हें दरवाज़ों के साथ खड़ा किया गया और जब तक गोलाबारी चलती रही हम सब दुबक कर एक कौने मई बैठे रहे. बस इतना ही याद है मुझे...........

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें