गुरुवार, 3 नवंबर 2011

एक घटना जिसने मुझे बदल दिया...

मुझे तो याद नहीं है पर मम्मी कहते हैं कि अपनी आयु के 9वें 10वें महीनों  तक मैं एक शांत और प्यारी बच्ची थी पर जैसे जैसे मुजमें चेतना का विकास हो रहा था मैं जिद्दी और अड़ियल होती जा रही थी. इसपर मम्मी पापा से खूब मार पड़ती. पर मेरा स्वाभाव सुधरने के बजाए बागी किसम का होता जा रहा था. मैं अक्सर गुस्सा आने पे बैड के नीचे घुस जाती थी. फिर बड़ी मिन्नतें करके मुझे वहां से निकला जाता. ठीक से चलने फिरने लगी तो अपने खिलौनों की पोटली लेकर गाँव के चक्कर पर निकल पड़ती. पर एक दिन एक ऐसी घटना घटी जिसने न सिर्फ मुझे ही बदल दिया, परिवार का मेरे लिए व्यवहार भी बदल के रख दिया. मैं कोई दो-ढाई  वर्षों की रही होंगी की हमारे घर के पूर्वी छोर पर स्थित  रेत वाले कमरे (उसमे अक्सर रेत ही राखी जाती थी इसलिए हम उसे रेत वाला कमरा कहते थे) का पुनर्निर्माण किया जा रहा था. मम्मी और बुआ इस निर्माण को लेकर बहुत उत्साहित थे. उसकी छत मजबूत बनाने के लिए खूब सारी मिटटी डाली गई और मम्मी और बूजी ने अपने हाथों से मिटटी को समतल किया. लगभग सारा काम पूरा हो चुका था के एक दोपहर कुछ ऐसा हुआ जिसकी कभी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. छत पर मिटटी की अधिकता होने के कारण नया कमरा डह गया. सौभाग्य से उस समय उस तरफ कोई भी नहीं गया था. मम्मी और बूजी लकड़ी के लिए जंगल गए थे. डैडी ऑफिस से लौटकर किचन में चाय पे रहे थे. छोटी दादी और चुटकी भी वही थे. दादा जी अपने कमरे में थे, बड़ी दादी ड्योडी पर बैठी थी. अश्शु  भैय्या बाग़ में अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था और अन्नू दीदी अपनी सहेली के यहाँ पढ़ाई  कर रही थी. हादसा होने पे सभी को इक्कठा किया गया. सभी मिल गए पर मेरा कहीं पता ना था. एक मुर्गी भी गायब थी पर वो भी कु कु करती जल्दी ही नज़र आ गई. सभी लोग मेरे लिए परेशान हो रहे थे और मुझे ढूंड रहे थे पर मैं न मिली. डैडी सर पकड़कर मलबे के साथ बनी लकड़ी की सीढ़ी पर बैठ गए. उन्हें लगा के में मलबे के नीचे दब गई. मेरी यादों में डैडी की रोनी सूरत और अपने खिलौनों का लोहें का डिब्बा (जिसपे गीता उपदेश देते हुए रथ पे खड़े श्री कृष्ण और हाथ जोड़े बैठे अर्जुन का चित्र बना हुआ था) अभी भी है,  साथ में  मलबे के कुछ हल्के से दृश्य भी याद हैं. मजदूर और पड़ोस के मामा मलबा हटाने में जुटे थे. सभी परेशान थे तभी अचानक से मैं जाने कहाँ से आके सीढ़ी पर बैठे डैडी के पास खड़ी होके पूछने लगी,"डैडी आप ऐसे क्यों बैठे हो?" उन्होंने झटके से सर उठाया और मुझे गोद में उठाके सीने से लगा लिया. उनकी  आँखों से आंसू बह रहे थे. मेरे आते ही सभी घरवाले मुझे उठाकर प्यार करने लगे और सभी रो रहे थे, वो ख़ुशी के आंसू थे. उन आंसुओं ने मेरे  अड़ियलपन और जिद्द को भी धो लिया था. मैंने उस व्यवहार को काफी हद तक त्याग दिया. उस दिन के बाद पापा ने कभी भी मुज पर हाथ नहीं उठाया. तब का तो मुझे खास याद नहीं पर शायद चुटकी के आने से मुझे लगने लगा होगा के कोई मुझे प्यार नहीं करता और मेरी किसी को ज़रूरत नहीं इसलिए कोई मुझे नहीं समझता. इसलिए मैं कहीं एकांत में जा के अकेले खेलती रहती थी. पर घरवालों का अपने लिए प्यार का सैलाब देख कर मुझे एहसास हुआ होगा की सभी मुझसे बहुत प्यार करते हैं और मेरा होना सबके लिए बहुत अहम है. फिर क्या था जिस कुभ्रम के कारण मेरा विपरीत स्वाभाव उपजा था वो तो खत्म हो गया और साथ में मेरा बुरा व्यवहार भी. मैंने चुटकी को भी अपना लिया और अभी तक उसी के साथ खेलती हूँ...

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें